उधमपुर। यातायात नियम तोड़ने वालों पर नकेल कसने के लिए परिवहन विभाग ने लाटी-डुडू रूट पर वीरवार को अभियान चलाया। परिवहन आयुक्त जम्मू-कश्मीर के निर्देश पर टीम ने सुद्धमहादेव-लाटी मार्ग और नेशनल हाईवे समेत आसपास के इलाकों में जांच की।
दिनभर चले अभियान के दौरान 132 वाहनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने पर 25 वाहनों के ई-चालान काटे गए। गंभीर उल्लंघन पर एक चालक का ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की सिफारिश की गई है। विभाग के अनुसार ई-चालान से करीब 77,000 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। यह कार्रवाई मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत की गई है। एआरटीओ मुदस्सिर इकबाल ने बताया कि ओवरलोडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और दस्तावेज पूरे न होने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। लाटी-डुडू जैसे पहाड़ी रूट पर नियम तोड़ना जानलेवा हो सकता है।