किश्तवाड़। उपमंडल छात्रू के सिंहपोरा में बारिश के बीच हुए भूस्खलन की चपेट में ग्वाड़ी (मवेशीबाड़ा) के आने से उसमें मौजूद 45 भेड़-बकरियों सहित 17 मवेशियों की मौत हो गई है। रविवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार उपमंडल छात्रू के सिंहपोरा इलाके में गत रात्रि भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन की चपेट में ग्वाड़ी आ गई। यह गुज्जर समुदाय के लोगों की थी। घटना में करीब 45 भेड़ बकरियों और 17 मवेशियों के दबने से मौत हो गई है। थाना प्रभारी छात्रू संदीप परिहार ने बताया कि सिंहपोरा में यह हादसा रात को हुआ था। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने करीब 15 भेड़-बकरियों को बचा लिया था, लेकिन अंधेरे और बारिश के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। यह ग्वाड़ी ग्वाड़ी गुगुड़ू खलीफा सिद्धिकी निवासी सिंहपोरा की है। इससे उसे काफी नुकसान हुआ है। एसडीएम छात्रू इंद्रजीत सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। इसके बाद तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम स्थिति का जायजा लेने के लिए भेजी है। रिपोर्ट आने के बाद ही कदम उठाया जाएगा।