मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए दो माह पहले शुरू करवाया था नई लैब का निर्माण
उधमपुर। रामनगर उपजिला अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए नई लैब का निर्माण दो माह पहले शुरू करवाया गया था। इसके चलते लैब का इन्फ्रास्ट्रक्चर तो तैयार हो गया है, लेकिन अभी विभिन्न प्रकार के टेस्टों को करने वाली मशीनों के आने का इंतजार है।
गौरतलब है कि अस्पताल में थायराइड, हेपेटाइटिस, आयरन, विटामिन डी, प्लेट्स सहित अन्य टेस्टों की सुविधा अस्पताल में न होने से मरीजों को या तो जीएमसी उधमपुर आना पड़ता था या फिर प्राइवेट क्लीनिकों में जाकर टेस्ट करवाने पड़ रहे हैं।
खासतौर पर गर्भवती महिलाओं को थायराइड टेस्ट करवाने में दिक्कत आ रही थी। यह टेस्ट 50 से लेकर 100 रुपये तक हो जाता है। वहीं निजी अस्पतालों में इस टेस्ट के लिए 200 से 500 रुपये तक खर्च हो रहा है। मगर अब अस्पताल परिसर में तैयार हुई नई लैब में इन सभी टेस्टों की मशीनें आने से मरीजों को टेस्ट करवाने की सुविधा मिल जाएगी जिससे उन्हें काफी लंबे समय से आ रही समस्या से निजात मिलेगी। हालांकि अस्पताल में अगर रोजाना ओपीडी की बात की जाए तो तकरीबन 100 के करीब ओपीडी है, जिसमें 15 से 20 गर्भवती महिलाएं अपना इलाज करवाने के लिए आ रही हैं। मगर थायराइड टेस्ट व अन्य गर्भवती महिलाओं के होने वाले जरूरी टेस्टों की सुविधा न होने के चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा समय में अस्पताल में पीलिया, मलेरिया, टीबी, ब्लड ग्रुपिंग व कुछ छोटे मोटे टेस्ट किए जा रहे है। लेकिन जहां तक जरूरी टेस्टों की बात की जाए तो उसकी सुविधा अभी अस्पताल में नहीं है। संवाद
अस्पताल परिसर में नई लैब बनकर तैयार हो गई है। इसके चलते अब जल्द ही टेस्टों की मशीनें आ जाएंगी। नई लैब बनने से मरीजों को हर प्रकार के टेस्टों की सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध होगी।
- डॉ. हरविंद्र सिंह, बीएमओ रामनगर