उधमपुर। जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में कोविड वैक्सीनेशन प्रक्रिया तेजी से जारी है। अब छुट्टी के दिन भी सैकड़ों लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। रविवार को 20 से अधिक वैक्सीन सेंटर में शाम तक 1987 लोगों को वैक्सीन लगाई गई, जिनमें 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों की संख्या सबसे अधिक रही है।
करीब चार दिन से जिले में वैक्सीन लगाने वाले लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले इनकी संख्या में बहुत ज्यादा गिरावट हो गई थी। तेजी आने का बड़ा कारण 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाना है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में एक बार फिर से इस वर्ग के लिए विशेष वैक्सीन सेंटर बनाए हैं और इनमें हर रोज सैकड़ों लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। हर रोज इनकी संख्या में बढ़ोतरी होती जा रही है। रविवार को जिले में कुल 1987 लोगों को वैक्सीन लगाई गई और इनमें सबसे अधिक 18 से 44 आयु वर्ग के 1911 लोग थे। इनमें दुकानदार, होटल, ढाबा कर्मचारी व अन्य कई व्यवसाय से जुड़े लोग थे। इसके साथ दो स्वास्थ्य कर्मचारियों ने दूसरी डोज, दो फ्रंट लाइन वर्कर्स ने पहली और सात ने दूसरी डोज, 45 से 60 आयु वर्ग में 31 लोगों ने पहली और 11 ने दूसरी डोज, 11 वरिष्ठ नागरिकों ने पहली और 12 ने दूसरी डोज लगवाई है।