किश्तवाड़। गांव जेलना के समीप किश्तवाड़-पाडर मार्ग पर शराब ठेका खोलने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और हंगामा करते हुए ठेके को बंद करवा दिया। मौके पर पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों को समझाया और संबंधित दुकान पर ताला लगवा दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने धरना देकर नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पास ठेका खुलने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शाम को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है क्योंकि शराब के नशे में लोग इधर-उधर खड़े होकर परेशान करते हैं। खासकर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग की कि आसपास खुले बार को भी बंद किया जाए ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित दुकान को खोलने के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं मिली है। इस संबंध में उपायुक्त को भी शिकायत दी गई है और सोमवार को उनके कार्यालय जाकर मुद्दे को उठाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि पहले इंदिरा नगर में ठेका था जो शहर से दूर था और कोई आपत्ति नहीं थी लेकिन गांव के समीप ऐसी दुकान खोलना असहनीय है।उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांव के आसपास किसी भी प्रकार की शराब की दुकान या बार खोलने की अनुमति न दी जाए।