किश्तवाड़। जिला पुलिस का मवेशी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है। मंगलवार को पुलिस ने इसी कड़ी के तहत छात्रू सबडिवीजन, तहसील मुगलमैदान की कटखाई धार क्षेत्र में मवेशी तस्करी के बड़े प्रयास को विफल किया है। इसमें अवैध रूप से घाटी ले जाए जा रहे 50 मवेशियों को मुक्त करवाते हुए तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान मीर हुसैन निवासी गुर्जर बस्ती, नागनीगढ़ केशवान और आशिक हुसैन बट निवासी गडोल, तहसील कोकरनाग (अनंतनाग) के रूप में हुई है। विशेष सूचना पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप परिहार के नेतृत्व में छात्रू पुलिस ने अभियान को जारी रखते हुए मुगलमैदान तहसील के कटखाई धार क्षेत्र में नाका लगाया था। इस दौरान अवैध रूप से घाटी ले जाए जा रहे 50 मवेशियों को मुक्त करवाया है। वहीं, तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह दोनों उचित दस्तावेज नहीं दिखा पाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।