किश्तवाड़। टागूद गांव में बिजली विभाग के लाइनमैन की मौत हो गई। वह रविवार रात को खंभे पर चढ़कर बिजली लाइन की मरम्मत कर रहा था। अचानक बिजली सप्लाई चालू कर दी गई जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान गुंदरना टागूद निवासी संजय कुमार हुई है।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे परिजन ने अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाकर पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। लगभग तीन घंटे तक जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उनकी अधिकारी के साथ तीखी बहस भी हुई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अधिकारी ने कथित तौर पर यह कह दिया कि यह उनकी जिम्मेदारी नहीं बनती जिसके बाद लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि घटना की तफ्तीश के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
परिवार का कहना है कि जब विभाग को पता था कि कर्मचारी लाइन पर काम कर रहा है तो फिर सप्लाई कैसे चालू की गई? शटडाउन प्रक्रिया में लापरवाही बरती गई। संजय अपने पीछे सात बेटियां छोड़ गया है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में हादसे को रोका जा सके।