किश्तवाड़। जिला पुलिस ने एक व्यापक मादक पदार्थ विरोधी रणनीति के तहत जिले भर में अलग-अलग अभियानों में एक महिला समेत नशा तस्करी के चार आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 20 ग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई।
एसएसपी नरेश सिंह ने बताया कि शालीमार में वाहनों और पैदल यात्रियों की जांच के लिए एक नाका लगाया गया था। जम्मू से किश्तवाड़ जा रही एक बस (मनप्रीत ट्रैवल्स) को रोका गया। जांच के दौरान बस में सवार दो लोगों का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। उनकी गहन जांच की गई। रोहित सिंह निवासी लछदयराम के पास से लगभग 6-7 ग्राम हेरोइन और सुई वाली सिरिंज बरामद हुई। इसी तरह साकिया बानो निवासी सिमना कॉलोनी से लगभग 6-7 ग्राम हेरोइन मिली। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। थाना किश्तवाड़ में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं, पुलिस नने रमीज राजा उर्फ जंदा निवासी सरकूट को बस स्टैंड किश्तवाड़ में लगभग 6.5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त अरुण कुमार निवासी भागना पड्यारना को द्राबशाला में गिरफ्तार किया गया। इसके पास से लगभग 3.5 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। थाना किश्तवाड़ में सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नशीले पदार्थों के स्रोत और इसमें शामिल किसी भी संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।