किश्तवाड़। किश्तवाड़-पाडर मार्ग शनिवार को पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। इससे पहले बीकन (ग्रेफ) विभाग की तरफ से दोपहर के समय मार्ग को बंद कर शहर से लगभग साढ़े आठ किलोमीटर दूर डूल इलाके के पास सड़क पर गिरे बड़े पत्थरों को धमाके करके तोड़ा गया।
बीकन के सीओ जेवीतेश ने बताया कि वैसे तो किश्तवाड़-पाडर मार्ग पर छोटे वाहन चल सकते थे परंतु खतरा बना रहता। किश्तवाड़ से लेकर पाडर और गुलाबगढ़ तक हमने मार्ग को लगभग खोल दिया था लेकिन डूल इलाके में सड़क पर गिरे बड़े पत्थरों को तोड़ना जरूरी था। इन पत्थरों की वजह से बड़े वाहनों को गुजरने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने कहा कि शनिवार की दोपहर हमने ब्लास्ट करके पत्थरों को तोड़ दिया। शाम को किश्तवाड़-पाडर मार्ग सभी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।