संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। जिला प्रशासन ने सोमवार को किश्तवाड़ के चौगान मैदान में संपूर्णता अभियान के तहत सम्मान समारोह का आयोजन किया। यह समारोह आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत मारवाह ब्लॉक की ओर से हासिल की गई बड़ी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में जम्मू और कश्मीर के 10 ब्लॉक शामिल हैं जिसमें मढ़वा किश्तवाड़ जिले का प्रतिनिधित्व करता है। इस दोरान आकांक्षा हाट- वोकल फॉर लोकल का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। इसमें एक सप्ताह तक प्रदर्शनी चलेगी जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं, सरकारी पहलों और सामुदायिक नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक पाडर-नागसेनी सुनील शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि जिला विकास परिषद (डीडीसी) की अध्यक्ष पूजा ठाकुर रहीं। कार्यक्रम में उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त पवन कोतवाल सहित वरिष्ठ जिला अधिकारियों, विभागाध्यक्षों और सामुदायिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
आकांक्षा हाट में विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और सहकारी समितियों के संवाद स्टॉल थे जिनमें नवाचारों, सफलता की कहानियों और प्रमुख सरकारी पहलों को प्रदर्शित किया गया। विधायक सुनील शर्मा ने जिला प्रशासन और किश्तवाड़ के लोगों को बधाई दी। उन्होंने इसे गौरव का क्षण बताया जो सतत और समावेशी विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने विकास की गति को बनाए रखने और जमीनी स्तर पर सेवा वितरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
डीडीसी अध्यक्ष पूजा ठाकुर और उपायुक्त ने हितधारकों से बातचीत की और स्टालों का मूल्यांकन किया । डीडीसी ने सभी विभागों की कड़ी मेहनत की सराहना की और भविष्य की पहलों के लिए निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया। विभिन्न स्कूलों के छात्रों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसने इस अवसर को और भी उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का समापन एक सम्मान समारोह के साथ हुआ, जहां अभियान की सफलता में उनके असाधारण योगदान को मान्यता देते हुए योग्य जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और सहायक कर्मचारियों को प्रमाण पत्र और पदक प्रदान किए गए।