उधमपुर। लोगों के साथ मिलकर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने निजी कंपनी के खिलाफ गरनेई में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा स्थानीय युवाओं और किसानों को नजरअंदाज कर बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर इकाई के युवा अध्यक्ष विनोद कुमार कोतवाल ने बताया कि 21 मार्च को कंपनी को ज्ञापन सौंपा था जिसमें स्थानीय युवाओं और किसानों को रोजगार देने की मांग की गई थी। इसके साथ ही हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। एक और पांच अप्रैल को हुए प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने समाधान के लिए समय मांगा था लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला है। कंपनी नेशनल हाईवे के काम में बाहरी लोगों को रोजगार दे रही है जबकि 28 स्थानीय युवाओं की सूची पहले ही कंपनी को सौंपी जा चुकी है। उन्होंने मांगों को पूरा करने को कहा। संवाद