उधमपुर। जिला मुख्यालय के साथ सटे कावा इलाके में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब घायल सांबर को रिहायशी क्षेत्र में देखा गया। स्थानीय निवासियों की सतर्कता और वाइल्डलाइफ विभाग की त्वरित कार्रवाई से वन्यजीव की जान बचा ली गई है।
सुबह जब लोगों ने घायल सांबर को बस्ती के पास घबराया हुआ देखा तो तुरंत इसकी सूचना वन्यजीव विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि सांबर न केवल गंभीर रूप से घायल था बल्कि आबादी के बीच होने के कारण डरा भी था।
टीम ने लोगों के सहयोग से सांबर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वन्यजीव कंट्रोल रूम के प्रभारी नरोत्तम शर्मा के अनुसार सांबर के मुंह पर गहरी चोट थी। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत वाइल्डलाइफ वेटरिनरी हॉस्पिटल, मांडा (जम्मू) रेफर कर दिया गया, जहां विशेषज्ञों की देखरेख में उपचार जारी है।