श्रद्धालु आपना आरएफआईड़ी कार्ड लेकर भवन की ओर जाने की तैयारी करते हुए।
हेलिकॉप्टर-रोपवे समेत सभी सुविधाएं चालू, सुरक्षा व्यवस्था भी चाकचौबंद
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। गर्मी की छुट्टियों के दौरान मां वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। शनिवार को करीब डेढ़ महीने बाद एक दिन में 42 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो इस सीजन में पहलगाम आतंकी हमले के बाद की सबसे बड़ी संख्या है।
भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन ने हेलिकॉप्टर सेवा, रोपवे, बैटरी कार, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी सेवाएं पूरी क्षमता के साथ चालू रखीं, साथ ही सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था भी मुस्तैद की गई। धर्मनगरी में मां वैष्णो देवी के दरबार में आस्था का यह सैलाब रविवार को भी जारी रहा। शाम छह बजे तक ही 24 हजार से अधिक श्रद्धालु आरएफआईडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) कार्ड प्राप्त कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे, जबकि पंजीकरण काउंटरों के बंद होने में अभी चार घंटे शेष थे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से कटड़ा से सांझी छत्त (हेलिकॉप्टर), भवन से भैरो घाटी (रोपवे), और अर्धकुंवारी से भवन तक (बैटरी कार) सहित सभी यात्री सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित की गईं। सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं भी चौबीसों घंटे सक्रिय रहीं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कटड़ा से भवन तक की पूरी यात्रा मार्ग पर सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।