कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित पूरे क्षेत्र में वीरवार को धूप-छांव का सिलसिला बना रहा। इसके चलते दृश्यता कम रही और हेलिकॉप्टर सेवा पूरी तरह बंद रही। इससे कई श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने बारिश के आसार जताए थे लेकिन यह संभावना टल गई। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिनों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। यदि शुक्रवार को सुबह मौसम साफ रहता है तो हेलिकॉप्टर सेवा को फिर से शुरू किया जा सकता है।
विज्ञापन
भारी उमस और कभी-कभार हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालु आस्था के साथ माता के दरबार की ओर बढ़ते रहे। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा पर निकलें और किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। श्राइन बोर्ड लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता अनुसार कदम उठाए जा रहे हैं।
हिमकोटी और अर्धकुंवारी मार्ग दोनों खुले
वीरवार को माता के भवन की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग जैसे कि हिमकोटी और अर्धकुंवारी मार्ग दोनों खुले रहे। प्रशासन और श्राइन बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ में कोई कमी नहीं रही। माता के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु दिन भर आगे बढ़ते रहे।