कटड़ा। मौसम के बदलते मिजाज के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी रही। मंगलवार दिनभर मौसम पल-पल रंग बदलता रहा। दोपहर तक आसमान में बादलों का जमावड़ा लग गया और ठंडी हवाएं चलती रहीं। कुछ समय के लिए बारिश की हल्की फुहार आई। शाम को मौसम पूरी तरह साफ हो गया। हालांकि ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रहा।
इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं आई। पारंपरिक मार्ग से भवन की ओर श्रद्धालु जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। शाम पांच बजे तक लगभग 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे।
सभी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहीं। कटड़ा से भवन तक हेलिकॉप्टर सेवा नियमित जारी रही। इसके अलावा बैटरी कार तथा मां वैष्णो देवी भवन से भैरव घाटी के बीच रोपवे (केबल कार) भी सामान्य रूप से संचालित होता रहा। घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाओं का भी श्रद्धालुओं ने भरपूर लाभ उठाया।
यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। भवन मार्ग पर श्राइन बोर्ड, आपदा प्रबंधन दल, पुलिस विभाग तथा सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे और यात्रा व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखी ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।
वर्तमान में यात्रा में हल्की गिरावट दर्ज की जा रही है लेकिन देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।