जिला रियासी की टास्क फोर्स टीम बाल मजदूरी को लेकर एक दुकान पर जांच करती हुई। संवाद
कटड़ा। रियासी जिला टास्क फोर्स की टीम ने शुक्रवार को बाल एवं किशोर श्रम प्रतिषेध एवं विनियमन अधिनियम को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से कटड़ा नगर के विभिन्न बाजारों में अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कई दुकानों, ढाबों, होटल, वर्कशॉप और अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया।
जिला श्रम विभाग, पुलिस प्रशासन और बाल संरक्षण इकाई के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर नाबालिग बच्चों को काम करते पाया गया, जिनके बारे में पूछताछ करने पर मालिकों को चेतावनी दी गई और संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई। टीम ने दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम न करवाएं, अन्यथा उनके खिलाफ जुर्माना और सजा का प्रावधान लागू किया जाएगा।
अभियान के दौरान अधिकारी अग्नि वेद ने दुकानदार स्थानीय नागरिकों को भी जागरूक करते हुए कहा कि बाल श्रम न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि बच्चों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। बच्चों का स्थान स्कूल और शिक्षा संस्थानों में होना चाहिए, न कि कामकाज की जगहों पर। जिला टास्क फोर्स ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और यदि कहीं भी बाल श्रम पाया गया तो संबंधित मालिक को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे आसपास किसी भी स्थान पर नाबालिग बच्चों को काम करते देखें तो तुरंत श्रम विभाग या पुलिस को सूचित करें।