कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर प्रस्तावित रोपवे एवं सड़क चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय स्तर पर विवाद गहराता जा रहा है। हाल ही में स्थानीय विधायक की ओर से ताराकोट से सांझी छत तक रोपवे लगाने तथा सड़क चौड़ीकरण की घोषणा के बाद श्री माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने इन योजनाओं का विरोध किया है।
संघर्ष समिति के प्रवक्ता करण सिंह ने बताया कि उपराज्यपाल की ओर से गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक के बाद भी केवल कुछ ही लोग रोपवे परियोजना का समर्थन कर रहे हैं। समिति का मानना है कि इस परियोजना से स्थानीय लोगों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा साथ ही तीर्थयात्रियों की आस्था भी प्रभावित हो सकती है।
विज्ञापन
समिति की ओर से शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में स्पष्ट किया गया कि रोपवे लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही सड़क चौड़ीकरण से पहले प्रशासन को अवैध पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए। समिति के अनुसार मार्गों पर अवैध वाहनों की उपस्थिति ही ट्रैफिक जाम का मुख्य कारण है।
स्थानीय व्यापारियों एवं निवासियों ने भी समिति के इस रुख का समर्थन किया है। वहीं, विधायक कार्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार यह योजना पर्यटन विकास एवं भीड़ प्रबंधन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष बली राम राणा, सदस्य राकेश सदोत्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।