एलजी की ओर से गठित कमेटी ने लोगों से बैठक कर किया विचार-विमर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी में कई दिनों से ताराकोट मार्ग से रोपवे लगाने की बात चल रही है। इसी संबंध में वीरवार को एलजी की ओर से गठित कमेटी ने लोगों से बैठक कर विचार-विमर्श किया। इसमें लोगों ने स्पष्ट किया कि हमें रोपवे मंजूर नहीं है, क्योंकि इसका स्थानीय लोगों को कोई लाभ नहीं मिलेगा। क्योंकि हेलिकॉप्टर और बैटरी कार सेवा पहले से उपलब्ध है। इसका भी कोई लाभ नहीं मिल रहा है। अगर रोपवे लगाना ही है तो इसे देवी पार्क से लगाया जाए, ताकि स्थानीय लोग बेरोजगार न हों।
गौरतलब रहे कि धर्मनगरी में कई दिनों से ताराकोट मार्ग से रोपवे लगाने की बात चल रही है। गत दिनों स्थानीय लोग प्रदर्शन कर विरोध जता चुके हैं। साथ ही कटड़ा स्टेक होल्डर डेवलपमेंट फोरम सहित लोगों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। इसे देखते हुए उपराज्यपाल की ओर से मंडलायुक्त रमेश कुमार की मौजूदगी में एक कमेटी का गठन किया गया था। वीरवार को हुई बैठक में गठित कमेटी के सदस्य अशोक भान, सुरेश कुमार और श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग भी मौजूद रहे। गठित कमेटी के सदस्यों से वीरवार को करीब आठ प्रतिनिधिमंडलों ने बात की। बैठक में पूर्व मंत्री जुगल किशोर व सरदारी लाल ने का कि रोपवे स्वीकार नहीं है। इसके लगने से लोगों का रोजगार छिन जाएगा। पूर्व विधायक बलदेव राज शर्मा ने कस्बे में यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई।
श्राइन बोर्ड ने कहा कि कटड़ा में एक थीम पार्क बनेगा। लोगों ने कहा कि मां वैष्णो देवी के भवन की परिक्रमा के लिए मार्ग का निर्माण किया जाए। लोग विकास के विरोध में नहीं हैं, लेकिन रोजगार को बर्बाद नहीं होने देंगे। पूर्व नपा अध्यक्ष बिमल इंदु, होटल रेस्तरां के अध्यक्ष राकेश बजीर आदि ने अपील की सरकार विकास करे लेकिन लोगों को विश्वास में लेकर। दिल्ली-अमृतसर-कटड़ा हाईवे को कटड़ा तक ही रखा जाए। इस मौके पर एडवोकेट कुलदीप दुबे, एडवोकेट परवेज कांत, एडवोकेट शगुन पाधा, शेर सिंह, शिव शर्मा, नपा पूर्व उपध्यक्ष अजय बडू, कृष्ण कुमार, दिवाकर शर्मा, अमित हीरा, अजय गुप्ता, संजीव खजूरिया, राज कुमार दुबे, पवन सिंह और रतन शर्मा आदि मौजूद रहे।