कटड़ा शेरपुर गांव में प्रधानमंत्री सुजन रोजगार योजना के तहत जागरुक करते हुए स्रोत प्रशासन
कटड़ा। कटड़ा रियासी मार्ग पर गांव शेरपुर में वीरवार को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका आयोजन खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड (केवीआईबी) रियासी की ओर से किया। इसमें युवाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और जम्मू-कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध स्वरोजगार एवं स्व-उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी प्रदान करना था। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड रियासी के जिला अधिकारी नारायण दास ने प्रतिभागियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक औपचारिकताओं तथा पीएमईजीपी एवं जेकेआरईजीपी योजनाओं के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन पत्र अपलोड करने की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य अतिथि जिला विकास परिषद (डीडीसी) सदस्य कटड़ा निर्मल देवी ने युवाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व सरपंच रोशन लाल पंचायत शेरपुर, पूर्व सरपंच रवि शर्मा, पूर्व पंच बिंदु राम पंचायत शेरपुर, जिला उद्योग केंद्र रियासी के कार्यात्मक प्रबंधक अंकुश शर्मा, सहकारिता विभाग के प्रतिनिधि और विभिन्न वित्तीय संस्थानों के शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।