कटड़ा। धर्मनगरी में मौसम का असर देखने को मिल रहा है। भीषण गर्मी के कारण मां वैष्णो देवी भवन के मार्ग पर दोपहर में श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम हो गई है जबकि शाम ढलते ही जयकारों के साथ हजारों श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।
शाम पांच बजे तक करीब 26,000 श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हो चुके थे। बीते दिन लगभग 37,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। तापमान बढ़ने के चलते अधिकांश श्रद्धालु शाम, रात्रि तथा तड़के सुहावने मौसम के बीच यात्रा करना अधिक पसंद कर रहे हैं।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड तथा प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त हेलिकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा-पिट्ठू एवं पालकी सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध हैं।
श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग, सीआरपीएफ तथा आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी और जवान यात्रा मार्ग पर लगातार तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सहायता कर रहे हैं। साथ ही दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।