त्रिकुटा पर्वत पर धुंध व बादल छाने के चलते कुछ उड़ानों के बाद दिनभर प्रभावित रही हेलिकॉप्टर सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी में सोमवार सुबह 11 बजे के बाद बादल और त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाई रही। इसके चलते सुबह कुछ उड़ाने भरने के बाद दिनभर हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। इस कारण ऑनलाइन पंजीकरण करवा चुके श्रद्धालुओं को पैदल ही यात्रा करनी पड़ी। वहीं, शाम तक 18 हजार से ज्यादा श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
भवन से मिली जानकारी के अनुसार दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में काफी गिरावट आई है। इससे दिनभर मौसम सुहावना रहा। धर्मनगरी सहित यात्रा मार्ग और त्रिकुटा भवन मां के जयकारों से गूंजता रहा। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को 24,800 श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई थी।
वहीं, सोमवार शाम सात बजे तक 18,630 श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। वीकेंड पर अन्य दिनों के मुकाबले यात्रा में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रोपवे सुविधा जारी रही, लेकिन हिमकोटि मार्ग पर भूस्खलन के चलते बैटरी कार सेवा एक हफ्ते से बंद है। इस कारण श्रद्धालु पैदल, घोड़ा, पालकी और पिट्ठू के माध्यम से यात्रा कर रहे हैं।