दिनभर बहाल रही हेलीकॉप्टर सेवा, सुहावने मौसम के बीच जयकारों से गूंजती रही धर्मनगरी
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी सहित भवन में लगातार तीन दिनों से बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। इस बीच मां वैष्णो के भक्तों के बीच दर्शन के लिए खासा उत्साह देखा जा रहा है। सोमवार सात बजे तक करीब 18 हजार भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। दिनभर हेलीकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सुविधा जारी रही, जिसका भक्तों ने लाभ उठाया। धर्मनगरी से लेकर यात्रा मार्ग व त्रिकुटा भवन जयकारों से गूंजता रहा है।
मौसम सामान्य रहने के कारण भक्त घोड़ा, पालकी व पैदल भी भवन की ओर जयकारे लगाते प्रस्थान कर रहे हैं। रविवार को दिनभर बादल छाए रहने के कारण भवन सहित धर्मनगरी में तापमान में थोड़ी गिरावट आई थी। भवन से मिली जानकारी अनुसार दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम को मौसम सुहावना रहा। इस कारण श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। साथ ही अर्दकुंवारी से भवन तक बैटरी कार सेवा दिनभर जारी रही। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को 23500 भक्तों ने मां के दर्शन किए थे। सोमवार को शाम सात बजे तक 18321 भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। अभी पंजीकरण कक्ष बंद में तीन घंटे का समय शेष था।