उधमपुर। खेल विभाग की ओर से सुभाष स्टेडियम में अंतर जिला स्तरीय एथलेटिक स्पोर्ट्स मीट (अंडर-19 ब्वॉयज) का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ मुख्यातिथि राजस्व विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर वकार अहमद गिरी ने किया। प्रतियोगिता में 20 जिलों के 210 खिलाडियों ने भाग लिया। इस दौरान सौ मीटर, दो मीटर, चार सौ मीटर, आठ सौ मीटर व रिले दौड़ के अतिरिक्त, लांग व हाई जंप के मुकाबले हुए।
100 मीटर दौड़ में कठुआ के गुरमीत शर्मा ने पहला, पुंछ के मोहम्मद सज्जाद ने दूसरा और उधमपुर के कमलप्रीत सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में जम्मू के लक्की ने पहला, उधमपुर के कमलप्रीत सिंह ने दूसरा और जिला रियासी के विजय कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में जम्मू के अंकुश मगोत्रा ने पहला, राजौरी के मोहम्मद अश्ताक ने दूसरा और कठुआ के नरेश कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। 800 मीटर दौड़ में सांबा के नितिन शर्मा ने पहला, जम्मू के विशाल शर्मा ने दूसरा और उधमपुर के विजय कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया।
मुख्यातिथि ने प्रतिभागियों को खेल के महत्व, लाभ और करियर बनाने के लिए जागरूक किया। वहीं, स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की गई। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी स्वर्ण सिंह व जेपीईओ संतोष कुमारी और जेडपीईओ जिब पूनम शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।