उधमपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुरीद कश्मीरी युवक ने श्रीनगर से दिल्ली के लिए पैदल मार्च शुरू किया है। श्रीनगर का रहने वाले 28 वर्षीय फहीम नजीर शाह का कहना है कि वे ढाई वर्ष से पीएम से मुलाकात की कोशिश कर रहा है, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया। अब वह पैदल मार्च कर दिल्ली जा रहा है। उम्मीद है कि उसके 815 किलोमीटर लंबे पैदल मार्च से उसकी पीएम से मिलने की तमन्ना पूरी होगी।
अनुच्छेद 370 हटने से जम्मू-कश्मीर में बदलाव की बयार को महसूस कर रहे फहीम ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में और भी बहुत बेहतर परिस्थितियां बनने वाली हैं। श्रीनगर से पैदल मार्च कर 200 किलोमीटर दूर उधमपुर पहुंचे फहीम ने कहा कि वह पीएम मोदी को सोशल मीडिया पर चार साल से फॉलो कर रहा है। पेशे से पार्ट टाइम इलेक्ट्रिशियन फहीम ने कहा कि एक बार पीएम मोदी ने अजान सुनते ही अपना भाषण रोक दिया था। तभी से वह पीएम का मुरीद हो गया। वह पीएम से मिलकर जम्मू-कश्मीर के युवाओं और रोजगार से संबंधित मुद्दों पर बात करना चाहता है। औद्योगिक विकास को रफ्तार देकर यहां बाहरी निवेश आकर्षित किया जाना चाहिए।