- केंद्रीय संयुक्त सचिव ने वाटरशेड जनभागीदारी कप का किया उद्घाटन
उधमपुर। ग्रामीण विकास मंत्रालय के वाटरशेड प्रबंधन के केंद्रीय संयुक्त सचिव नितिन खड़े ने जिले का दौरा किया। उन्होंने गुड्डार पंचायत में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के वाटरशेड विकास घटक के तहत वाटरशेड जनभागीदारी कप का उद्घाटन किया। पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए वर्षा जल संचयन प्रणाली अपनाने का आह्वान किया गया।
उनके साथ परियोजना प्रबंधक आईडब्ल्यूएमपी तनवीर-उल-मजीद वानी और परियोजना कार्यान्वयन एजेंसी की टीम के सदस्य भी थे। संयुक्त सचिव ने सरपंचों, वाटरशेड समिति व स्वयं सहायता समूह के सदस्यों और परियोजना क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत की। परियोजना के तहत निष्पादित किए जा रहे विभिन्न वाटरशेड विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। इसमें वाटर बाउली, वर्षा जल संचयन टैंक, संरक्षण कार्य, डायवर्जन ड्रेन शामिल हैं। बाद में आईडब्ल्यूएमपी कार्यों पर वृत्तचित्र भी जारी किया गया। जिसमें शुरू की गई पहल की प्रगति और प्रभाव को दिखाया गया।
इससे पहले, आईडब्ल्यूएमपी के परियोजना अधिकारी और पूर्व पीआरआई सदस्यों ने केंद्रीय संयुक्त सचिव का स्वागत किया और जिले भर में कार्यान्वित किए जा रहे वाटरशेड विकास कार्यों का संक्षिप्त विवरण दिया। संयुक्त सचिव ने पीआरआई, स्थानीय प्रतिनिधियों और हितधारकों की मुश्किलों को ध्यान से सुना। उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी वास्तविक समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
उन्होंने सेवाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने को सुनिश्चित करने के लिए आईडब्ल्यूएमपी उधमपुर टीम के समर्पित प्रयासों की भी सराहना की। जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने समुदाय से विभिन्न उद्देश्यों के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए छत पर वर्षा जल संचयन, रिसाव गड्ढे, चेक डैम, डायवर्सन नालियों और सड़क किनारे जल निकासी प्रणाली अपनाने का आग्रह किया।
फोटो सहित