केंद्रों के आसपास धारा 189 रही लागू, छात्र बोले-पेपर देने के बाद तनाव हो गया खत्म
उधमपुर। जिले में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के क्रम में सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले गणित विषय का पेपर संपन्न हुआ। कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को 73 केंद्रों में 5619 परीक्षार्थियों ने पेपर दिया। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग के सहयोग से तैयारियां की गईं।
केंद्रों के आसपास धारा 189 लागू रही। 10 मार्च तक चलने वाली परीक्षाओं में शिक्षा विभाग ने अधिकारियों को सख्त निगरानी और बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा। परीक्षा केंद्रों में टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। नकल रोकने और अनुशासन बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर कड़ी नजर रखी गई। बोर्ड के उप सचिव दलबीर सिंह पठानिया ने टीम के साथ हायर सेकेंडरी स्कूलों में जांच की। उधर केंद्रों से बाहर निकलते छात्रों के चेहरों पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। छात्रा पूजा भारद्वाज ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ। जो भी प्रश्न पूछे गए, वे सभी सिलेबस से ही आए। सिमरन ने बताया कि प्रश्नपत्र में 12 अंक की छूट थी यानी पूरे सिलेबस में 15 प्रतिशत तक छूट दी गई थी। इससे काफी राहत मिली है।
रश्मि भगत ने बताया कि परीक्षा से पहले तनाव था, लेकिन प्रश्नपत्र मिलने के बाद सारी चिंता दूर हो गई। पूरा पेपर सिलेबस से आया था और अब गणित में अच्छे अंक आने की उम्मीद है। इसी तरह इश्रत अख्तर ने बताया कि परीक्षा से पिछले डर का माहौल बना था लेकिन अब पेपर देने के बाद सब ठीक लग रहा है।
इन केंद्रों में इतने पहुंचे छात्र
उधमपुर में 36 केंद्र- 3414 परीक्षार्थी
मजालता में 10 केंद्र - 701 परीक्षार्थी
रामनगर में 27 केंद्र - 1504 परीक्षार्थी