उधमपुर। शहर के वार्ड पांच में सलाथिया चौक के साथ लगती माइक्रोवेव गली में चोरों ने दुकान का शटर तोड़ कर सुनार की दुकान को निशाना बनाया है। इस दौरान दुकान से 60 हजार रुपये के गहनों पर हाथ साफ किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, लोगों ने वीकेंड लॉकडाउन में पुलिस की तैनाती के बीच चोरी की वारदात होने से कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाया है।
दुकान के मालिक मनोज वर्मा ने बताया कि उन्हें सुबह स्थानीय लोगों से दुकान में चोरी होने की जानकारी मिली है। इसके बाद वह फौरन दुकान पर पहुंचे, जहां दुकान का शटर और ताले तोड़ कर वारदात को अंजाम दिया गया था। अंदर रखे करीब 60 हजार रुपये के गहने गायब थे। दुकान के अंदर और आसपास के घरों व दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को चोरों ने तोड़ा दिया था। घनी आबादी वाले इलाके के बीचोंबीच स्थित दुकान में चोरी की वारदात होने से स्थानीय लोगों में भी दहशत है। लोगों ने बताया कि लॉकडाउन में भी शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। जैसे वारदारत को अंजाम दिया गया है वह चिंताजनक है। पुलिस को जल्द स्थिति का संज्ञान लेकर आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।
योजना के साथ दिया गया है वारदात को अंजाम
चोरों ने वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया है। मौके से मिली जानकारी के अनुसार अराजक तत्वों ने पहले दुकान के आसपास के घरों और दुकानों में लगे कई सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया है। इसके अलावा कई कैमरों की तार को भी निकाला गया है, जबकि एक कैमरे पर कपड़ा डालकर ढक दिया, ताकि वह बच सकें।
तीन चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
वारदात की सूचना के बाद मौके पर पहुंची ने स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सीसीटीवी की जांच की। उन्होंने पाया कि चोरों ने वारदात से पहले सभी सीसीटीवी कैमरों को या तो तोड़ दिया है या तो कपड़े ढक दिया था। पुलिस को इस दौरान एक ऐसा सीसीटीवी कैमरा मिला जो चोरों से बचा रहा। इसमें मौजूद फुटेज से पता चला है कि चोर संख्या में तीन थे और सभी युवक थे। वह योजना के अनुसार नंगे पांव वारदात को अंजाम देने आए थे। उनकी सभी हरकतें कैमरे में रिकार्ड हो गई हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर चारों को जल्द ही दबोच लिया जाएगा।