- कई समस्याओं का मौके पर ही किया गया निपटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शनिवार को जिला उधमपुर के रामनगर जनता दरबार लगाया। उन्होंने जनता के प्रतिनिधिमंडलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुनने के साथ ही कई मुद्दों का मौके पर समाधान किया।
डॉ. जितेंद्र ने कई जन प्रतिनिधिमंडलों से बातचीत की और रामनगर तथा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तथा क्षेत्र की पंचायतों की विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने जनता द्वारा उठाए गए मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई तथा तत्काल समाधान सुनिश्चित किया। डॉ. जितेंद्र ने इस बात पर जोर दिया कि मोदी सरकार जनता की समस्याओं का उनके दरवाजे पर ही समाधान करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार का दृष्टिकोण हमेशा लोगों तक समाधान पहुंचाना रहा है, न कि उन्हें सहायता के लिए लंबी दूरी तय करने के लिए कहना।
मंत्री ने कहा कि जनता दरबार सरकार के प्रयासों का एक बेहतरीन उदाहरण है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी नागरिक की बात अनसुनी न रह जाए। हम जमीनी स्तर पर काम करने वाले सक्रिय शासन में विश्वास करते हैं। दरबार में बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और कनेक्टिविटी सहित कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई, जिसमें डॉ. जितेंद्र सिंह ने जनता को आश्वासन दिया कि उनकी चिंताओं को तत्काल निवारण के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। जनता दरबार में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी देखी गई, जिसमें नागरिकों ने सरकार की जवाबदेही और लोगों के साथ सीधे जुड़ाव के लिए आभार व्यक्त किया।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस तरह के सार्वजनिक दरबारों को नियमित शासन तंत्र के हिस्से के रूप में संस्थागत बनाया जाना चाहिए, जिससे पारदर्शिता, विश्वास और समय पर कार्रवाई को बढ़ावा मिले। इससे पहले, डॉ. जितेंद्र सिंह ने विशाखापत्तनम से पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कॉमन योग प्रोटोकॉल के लाइव सत्र को लेकर रामनगर के इंडोर हाल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस मौके पर उपायुक्त सलोनी राय, एसएसपी अमोद नागपुरे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल मन्हास के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी, पीएचई, वन विभाग, ग्रामीण विकास आदि के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। जबकि डीडीसी चेयरमैन लाल चंद, विधायक सुनील भारद्वाज, डीडीसी सदस्यों के साथ-साथ प्रमुख स्थानीय नेता राजिंदर शर्मा आदि मौजूद रहे।