उधमपुर। लगातार बारिश से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए फिर बंद कर दिया गया है। बनिहाल-काजीकुंड क्षेत्र में बर्फबारी के कारण पहले कश्मीर की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही बंद थी। मंगलवार दोपहर को निचले इलाकों में बारिश और पत्नीटाप व बटोत में बर्फबारी हुई। इसके बाद उधमपुर से डोडा, किश्तवाड़ और भद्रवाह रूट पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। उधमपुर के जखैनी चौक से वाहनों को घाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इससे जखैनी में वाहनों की लंबी कतारें लग गईहैं। ट्रैफिक कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को मौसम साफ रहा तो राजमार्ग पर यातायात बहाल हो सकेगा।