उधमपुर। जखैनी चौक से रेलवे स्टेशन रोड पर फैली गंदगी के कारण बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों एवं पर्यटकाें सहित स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बेहतर स्वास्थ्य के लिए सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों ने भी इस रोड पर आने से भी परहेज करना शुरू कर दिया है।
उधमपुर रेलवे स्टेशन रोड से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री और बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग गुजरते हैं। लेकिन रोड पर सफाई व्यवस्था के कोई भी उचित प्रबंध न होने की वजह से सड़क के दोनों ओर जगह-जगह गंदगी फैल गई है।
जिसकी वजह से राहगीरों को वहां से गुजरते समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोड के साथ लगते वार्ड नंबर 1, जखैनी, आंबेडकर कालोनी, ओमाला, चैरी, स्याल और भारत नगर जैसे रिहायशी इलाकों सहित रेलवे कलोनी में रहने वाले परिवार भी सुबह शाम सैर करते हैं।