जम्मू-कश्मीर टीचर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जेकेटीजेएसी) की मासिक बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू कश्मीर टीचर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जेकेटीजेएसी) की मासिक बैठक रविवार को जिला प्रधान लेखराज परिहार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सरकार से शिक्षकों को आ रहीं समस्याओं और वास्तविक मुद्दों के जल्द समाधान की मांग की गई।
जिला प्रधान लेखराज ने शिक्षक समुदाय की समस्याएं हल न होने पर चिंता जताई। उन्होंने सरकार से हजारों शिक्षकों, विशेषकर रहबर-ए-तालीम (आरईटी) योजना के तहत नियुक्त शिक्षकों के कल्याण के लिए उन्हें सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आरईटी योजना के तहत नियुक्त शिक्षकों के पक्ष में व्यापक स्थानांतरण नीति बनी है। इसके बावजूद कई शिक्षक पिछले 20 वर्षों से एक ही स्कूल में काम कर रहे हैं। वेतन संबंधी समस्या को हल करने और मिडिल स्कूलों में स्टाफ की कमी को दूर करने की सरकार से मांग की गई।
कैट ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सामान्य लाइन शिक्षकों के रूप में उनके नियमितीकरण के बाद आरईटी शिक्षकों को जिले के भीतर स्थानांतरित किया जाए। ऐसे कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन को सुरक्षित करने के लिए वर्ष 2010 को या उसके बाद नियुक्त कर्मचारियों के पक्ष में पुरानी पेंशन योजना लागू की जाए।
छूटे हुए आरईटी को नियमित करने, आरआरईटी को शिक्षक ग्रेड में बदलने, शिक्षकों की डीपीसी कर बैकलॉग को पूरा करने की मांग की गई। प्रशांत शर्मा और गोपाल शर्मा ने कहा कि एमडीएम की मद में आठ महीने का बकाया जारी किया जाए, ताकि शिक्षकों को मध्याह्न भोजन योजना के सुचारु संचालन के लिए अपनी जेब से रुपये खर्च न करने पड़ें।
बैठक में अशोक सेठ, प्रीतम गोस्वामी, रविंदर सिंह राठौर, अनिल शर्मा, विपिन रैना, विंदर अत्री, मो. मुस्तफा, मो. सलीम, सुदेश कुमार दुबे, सुनील वर्मा आदि मौजूद थे।