उधमपुर। शहर के युवाओं की तरफ से रविवार को देविका नदी में सफाई अभियान छेड़ा गया, जिसमें डीसी इंदु कंवल चिब ने भी हिस्सा लेकर सफाई की और सभी से देविका नदी की सफाई में सहयोग करने की अपील की। डीसी ने कहा कि देविका नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। जल्द नदी के तट पर डस्टबिन लगाए जाएंगे।
सुबह के समय युवाओं ने देविका नदी के अंदर सफाई अभियान छेड़ा। युवाओं और डीसी ने नदी के अंदर पड़ी गंदगी को उठाया और तट पर रखा। इसके बाद नगर परिषद के वाहनों में गंदगी को बाहर ले जाया गया। नदी के अंदर से पालीथिन भी निकाले गए। घंटों तक चले सफाई अभियान के बाद देविका नदी का बड़ा हिस्सा प्रदूषण मुक्त नजर आ रहा था। सफाई अभियान के दौरान ही डीसी ने बताया कि देविका को प्रदूषण मुक्त करने को लेकर देविका परियोजना पर काम किया जा रहा है। जल्द ही देविका नदी के दोनों तटों का कायाकल्प हो जाएगा। तट के किनारे पर जल्द ही डस्टबिन भी लगाए जाएंगे, ताकि देविका नदी पर आने वाले लोग गंदगी को डस्टबिन में डाल सकेंगे। उन्होंने युवाओं को भी बढ़ चढ़ कर सफाई अभियान में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। सफाई अभियान में नगर परिषद के कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया।