उधमपुर। दो दिन का सख्त कोरोना कर्फ्यू शुरू होने से पहले देविकानगरी के लोगों ने शुक्रवार को बाजार पहुंच कर जरूरत का सामान खरीदा। बाजार में फल, सब्जी, किराना व दवा की दुकानें दोपहर तीन बजे तक खुलीं। सभी दुकानों पर काफी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। कई दुकानों के बाहर तो ग्राहकों को अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ा। भीड़ बढ़ने पर कई बाजारों में जाम की स्थिति देखी गई। प्रशासन के आदेश के अनुसार शनिवार और रविवार को पूरी तरह से कोरोना कर्फ्यू होगा और केवल दूध व दवाई की दुकानों को ही खोलने की अनुमति होगी।
कोरोना के मामले बढ़ने के बाद बढ़ाया गया कोरोना कर्फ्यू सख्ती के साथ लागू है। जिला प्रशासन ने सोमवार से शुक्रवार तक जरूरत की दुकानों को दिन के हिसाब से खोलने की अनुमति दी है और शनिवार व रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन रखा है। दो दिन केवल सुबह सात से दस बजे तक दूध और दोपहर तीन बजे दवाई की दुकानें खोलने की ही अनुमति मिल रही है। दो दिन लोग फल, सब्जी व किराना का सामान नहीं खरीद सकेंगे। इसी को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए बाजार पहुंचे। ज्यादातर लोग वाहन लेकर पहुंचे थे तो शहर के मेन बाजार, मुखर्जी बाजार, गोल मार्केट में जाम की स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि पुलिस ने मशक्कत कर जाम ज्यादा समय तक नहीं लगने दिया। जहां पर भीड़ लग रही थी तो पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर हालात को संभाल रही थी। दोपहर तीन बजे तक लोग जरूरत का सामान खरीदने के लिए बाजारों में पहुंचते रहे। दोपहर के तीन बजते ही सभी कुछ बंद करवा दिया गया और फिर बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा छा गया। इसके बाद बाजार में जो भी बिना किसी कारण के नजर आया तो उसको रोक कर पूछताछ की गई। जो लोग बिना कारण के बाहर निकले उनके चालान भी काटे गए। रात तक पुलिस सख्ती के साथ काम करती रही।