किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ के उपमंडल मडवा अंतर्गत वाडवन क्षेत्र के कई गांव आज भी सड़क व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। क्षेत्र में सड़क संपर्क न होने के कारण ग्रामीणों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर सर्दियों के मौसम में जब भारी बर्फबारी के कारण हालात और भी बदतर हो जाते हैं।
सोमवार को पासर गांव की फाता बेगम, पत्नी गुलाम अहमद लोन, अचानक बीमार हो गईं। चारों ओर बर्फ जमी होने और सड़क सुविधा न होने के कारण एंबुलेंस या कोई वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। मजबूरी में गांव के लोगों ने महिला मरीज को चारपाई से कंधों पर उठाकर, बर्फ से ढके दुर्गम रास्तों से होते हुए सीएचसी मढ़वा (नवापाची) तक पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डीडीसी मढ़वा और इंदरवाल विधायक की तरफ से बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद आज तक क्षेत्र में न तो सड़क सुविधा उपलब्ध कराई गई और न ही स्वास्थ्य ढांचे में कोई ठोस सुधार हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि अधिकतर समय सोशल मीडिया पर बयान देने तक सीमित रहते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर विकास कार्य नजर नहीं आते।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से इस गंभीर स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर लेने की मांग की है तथा वाड़वन मढ़वा क्षेत्र के सभी गांवों को शीघ्र सड़क संपर्क से जोड़ने और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। यह घटना एक बार फिर दूरदराज के इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है।
बीमार को चारपाई पर बिठाकर अस्पताल ले जाते लोग।- फोटो : kishatwar news
बीमार को चारपाई पर बिठाकर अस्पताल ले जाते लोग।- फोटो : kishatwar news
बीमार को चारपाई पर बिठाकर अस्पताल ले जाते लोग।- फोटो : kishatwar news
बीमार को चारपाई पर बिठाकर अस्पताल ले जाते लोग।- फोटो : kishatwar news