हिन्दू संगठनों ने सनातन धर्म सभा किश्तवाड़ के बेनर तले बांग्लादेश में हिंदुओं व अल्पसंख्यकों पर
किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में हिंदू संगठनों ने सनातन धर्म सभा किश्तवाड़ के बेनर तले बांग्लादेश में हिंदुओं एवं अन्य अल्पसंख्यक समुदायों पर हो रहे जघन्य अत्याचारों के विरोध में कोकिला चौक किश्तवाड़ में प्रदर्शन किया और रैली निकाली। इस आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व महंत रामशरण दास आचार्य, अध्यक्ष, सनातन धर्म सभा किश्तवाड़ ने किया।
प्रदर्शन के चलते सुबह से ही किश्तवाड़ में लगभग सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। विशेषकर हिंदू समाज की दुकानें पूर्णतः बंद रहीं। इसके अलावा कोकिला चौक से किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान टायर भी जलाए गए और बाद में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया गया।
इस दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील कुमार शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए बांग्लादेश में हो रहे घटनाक्रम की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में मंदिरों को जलाया जा रहा है, हिंदुओं की हत्याएं की जा रही हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।
सुनील कुमार शर्मा ने आगे कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार को कड़े और ठोस कदम उठाने चाहिएं, ताकि वहां रह रहे हिंदू समुदाय की जान-माल की रक्षा हो सके।
प्रदर्शन के समापन पर सनातन धर्म सभा के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन उपायुक्त किश्तवाड़ को सौंपा। इसमें बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि “हम एकजुट होकर शांति, सद्भाव और अपने समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़े हैं।
हिन्दू संगठनों ने सनातन धर्म सभा किश्तवाड़ के बेनर तले बांग्लादेश में हिंदुओं व अल्पसंख्यकों पर