किश्तवाड़ के ऊपरी इलाकों में ताज़ा बर्फबारी, ठंड बढ़ी, मौसम हुआ सुहावना---सौशल मीडिया
किश्तवाड़। जिले के ऊपरी क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। विशेष रूप से पाडर क्षेत्र के मचैल, मढ़वा के वाड़वन सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। निचले इलाकों में लगातार रुक रुककर बारिश हुई है। इस बारिश और बर्फबारी के कारण जिले में ठंड में इजाफा हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार था। मौसमी बीमारियों के फैलाव में कमी आएगी। ताजा बर्फबारी से क्षेत्र में प्राकृतिक ताजगी देखने को मिली है।
ऊपरी इलाकों में बर्फ की सफेद चादर बिछने से जहां पर्यटक स्थलों की सुंदरता बढ़ गई है, वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।