किश्तवाड़। किश्तवाड़-बटोत राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांदनी के पास तीन दिन पहले चिनाब नदी में गिरी बोलेरो का कोई सुराग नहीं लग पाया। घटना में लापता चालक संदीप कुमार का कुछ पता नहीं चला। संदीप के परिजनों ने किश्तवाड़-बटोत राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर कई घंटे जाम लगाए रखा।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, रेडक्रॉस और स्थानीय लोगों की टीमों ने लगातार तीसरे दिन भी चिनाब नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
इधर, लापता चालक संदीप कुमार के परिजनों और स्थानीय लोगों ने तीसरे दिन जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने किश्तवाड़-बटोत राष्ट्रीय राजमार्ग कई घंटे बंद रखा। जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन चाहे तो बाहरी विशेषज्ञ टीमों को बुलाकर तलाशी अभियान को और तेज कर सकता है, लेकिन अब तक ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि शीघ्र चालक और वाहन का पता लगाया जाए।