किश्तवाड़। नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता एवं किश्तवाड़ निवासी सज्जाद अहमद किचलू के राज्यसभा सदस्य बनने पर इलाके के लोगों ने खुशी जताई है। किचलू के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ विजय रैली निकाली और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
सज्जाद अहमद किचलू इससे पहले किश्तवाड़ से दो बार विधायक रह चुके हैं और पिछली विधानसभा चुनाव में वे शगुन परिहार से मामूली अंतर से हार गए थे। इस बार नेशनल कॉन्फ्रेंस ने उन्हें राज्यसभा सदस्य पद के लिए उम्मीदवार बनाया था, जिसमें उन्होंने शानदार जीत दर्ज की।
गौरतलब है कि पूर्व डोडा जिला (जिसमें पहले किश्तवाड़ भी शामिल था) से अब तक ओम मेहता और गुलाम नबी आजाद ने ही राज्यसभा में प्रतिनिधित्व किया था। इस बार किश्तवाड़ जिले से सज्जाद अहमद किचलू को राज्यसभा का सदस्य चुना गया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
वहीं, लंबे समय से नाराज़ चल रहे नेशनल कॉन्फ्रेंस के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता अब उत्साहित हैं। उनका कहना है कि अब जबकि सज्जाद अहमद किचलू राज्यसभा सदस्य बने हैं तो जिला किश्तवाड़ में पार्टी की आवाज़ सुनी जाएगी और स्थानीय कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।