किश्तवाड़। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 लाभार्थी सत्यापन के संबंध में दूसरी जिला स्तरीय समिति बैठक बुलाई। समीक्षित 40 मामलों में से 38 को दिशानिर्देशों और पात्रता मानदंडों को पूरा न करने के कारण अस्वीकार कर दिया गया, जबकि 2 मामले स्वामित्व सत्यापन के लिए लंबित हैं।
उपायुक्त ने तहसीलदार किश्तवाड़ को लंबित मामलों के आवेदकों को शीघ्र निपटान के लिए सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया। पात्र परिवारों तक समय पर लाभ पहुंचाने के लिए पारदर्शिता और पात्र लाभार्थियों की उचित पहचान के महत्व पर बल दिया। बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त पवन कोतवाल, तहसीलदार निर्भय शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी जुबैर अहमद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद मिर्जा मुमताज इकबाल, तहसीलदार मुख्यालय सुनाली रानी के अलावा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने सभी के लिए आवास के दृष्टिकोण के अनुरूप, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के सफल कार्यान्वयन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।