फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udhampur News: किश्तवाड़ में 10 और 16 वर्ष के बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
किश्तवाड़। जिले में बच्चों के टीकाकरण कवरेज को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की ब्लॉक स्तरीय टीमों ने विशेष स्कूल आधारित टीकाकरण अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत 10 और 16 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र बच्चों को टीडी-10 और टीडी-16 के टीके लगाए जा रहे हैं।
विज्ञापन


स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह अभियान उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय किश्तवाड़ के निर्देशों के अनुपालन में शुरू किया गया है। जिले में इन दोनों श्रेणियों के टीकाकरण में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

अभियान के तहत आरबीएसके की मोबाइल स्वास्थ्य टीमें विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों का दौरा कर रही हैं। इस दौरान स्कूल प्रशासन के सहयोग से पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार टीकाकरण किया जा रहा है।
विज्ञापन


उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी किश्तवाड़ ने सभी ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सरकारी और निजी स्कूलों में विशेष स्वास्थ्य टीमें तैनात करने तथा शिक्षा विभाग के साथ समन्वय बनाकर टीकाकरण सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मुख्य शिक्षा अधिकारी किश्तवाड़ से भी आग्रह किया गया है कि वे संबंधित जोनल शिक्षा अधिकारियों, स्कूलों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों के माध्यम से स्वास्थ्य टीमों को पूरा सहयोग सुनिश्चित करवाएं।

अभियान को प्राथमिकता के आधार पर चलाया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग ने शीतकालीन अवकाश शुरू होने से पहले इस प्रक्रिया को पूरा करने का लक्ष्य रखा है, ताकि छुट्टियों के बाद विद्यार्थियों की कम उपलब्धता के कारण टीकाकरण प्रभावित न हो।

स्वास्थ्य टीमें पात्र बच्चों की पहचान, टीकाकरण और रिकॉर्ड तैयार करने के साथ-साथ सभी विवरण यू-विन पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपडेट कर रही हैं।स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि स्कूल आधारित टीकाकरण बच्चों तक पहुंचने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की कि वे स्वास्थ्य टीमों को पूरा सहयोग दें और पात्र बच्चों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करवाएं।

स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य जिले में नियमित टीकाकरण व्यवस्था को मजबूत करना तथा प्रत्येक पात्र बच्चे को टीका लगाकर टीकाकरण से बचाव योग्य बीमारियों के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें