किश्तवाड़। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत मोटर वाहन विभाग किश्तवाड़ की ओर से बस स्टैंड किश्तवाड़ में शिकायत निवारण एवं सेवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व एआरटीओ किश्तवाड़ तस्लीम वानी ने किया।
शिविर के दौरान वाहन चालकों और परिवहन से जुड़े लोगों को विभिन्न परिवहन सेवाओं के संबंध में मौके पर ही सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और नागरिक-केंद्रित बनाना है। यह कार्यक्रम सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” के अनुरूप आयोजित किया गया, ताकि आम जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से मिल सके।