किश्तवाड़। हज यात्रा 2025 के प्रबंधों की समीक्षा के लिए वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त पवन कोतवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। हज प्रभारी ने एडीसी को अवगत कराया कि इस वर्ष जिले से कुल 33 तीर्थयात्री हज यात्रा पर जाएंगे।
तीर्थयात्रियों को 12 मई 2025 को किश्तवाड़ से हज हाउस श्रीनगर के लिए प्रस्थान करना है। बैठक में तीर्थयात्रा के सुचारू संचालन से संबंधित विभिन्न रसद और प्रशासनिक पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों से तीर्थयात्रियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे तीर्थयात्रियों को हज हाउस श्रीनगर तक ले जाने के लिए एक डॉक्टर के साथ एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराएं। अतिरिक्त उपायुक्त ने इस्लामिया फरीदिया स्कूल में मुद्रा विनिमय सुविधाओं, परिवहन और बोर्डिंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।