किश्तवाड़। जिला किश्तवाड़ में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जिला, उप-मंडल, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर मनाया गया। इसमें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। 18 वर्ष से अधिक आयु के नव मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने मिनी सचिवालय से राजकीय डिग्री कॉलेज तक एक जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य समारोह का आयोजन जिला प्रशासन की तरफ से राजकीय डिग्री कॉलेज में किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शाहजादा नूर-उल-कीन ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं जिला समाज कल्याण अधिकारी तारिक परवेज़ काज़ी ने दिव्यांग मतदाताओं के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाओं की जानकारी दी।
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर (चुनाव) तारिक टप्पल ने युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव 2024 की जिला किश्तवाड़ में सम्पन्न चुनावी यात्रा पर आधारित एक वीडियो भी प्रदर्शित की गई।
छात्र वक्ताओं आकिल मुश्ताक शेख, सेजल शान एवं सुहाना मलिक ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम पर अपने विचार रखे। न्यू एरा पब्लिक हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने डोगरी लोक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने नव पंजीकृत मतदाताओं एवं उपस्थित जनसमूह को मतदाता शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान चुनाव प्रक्रिया में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।