किश्तवाड़। जिले के कुंतवाड़ा क्षेत्र के समीप मंगलवार रात एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर चिनाब नदी में गिर गया। हादसे में वाहन में सवार 22 वर्षीय युवक अजय कुमार निवासी शांडरी, कुंतवाड़ा लापता हो गया। वाहन का भी अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। युवत की तलाश में अभियान जारी है।
जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन कुंतवाड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे चिनाब नदी में जा गिरा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक रात्रि के समय कहां से आ रहा था और कहां जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही सुबह के समय एसडीआरएफ, रेडक्रॉस की टीमें तथा आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और लापता युवक व वाहन की तलाश शुरू की। चिनाब नदी का तेज बहाव रेस्क्यू कार्य में बाधा बना हुआ है। इसके बावजूद तलाशी अभियान लगातार जारी है।
इस बीच कुंतवाड़ा के कुछ स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के पास प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन से मांग की कि लापता युवक की तलाश के लिए शीघ्र और प्रभावी कदम उठाए जाएं। लोगों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में अतिरिक्त संसाधन और आधुनिक उपकरण लगाने की भी मांग की। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि लापता युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक तलाश अभियान जारी था।