किश्तवाड़। कांग्रेस पार्टी की ओर से “मनरेगा बचाओ संग्राम” और “हमारी रियासत, हमारा हक़” के मुद्दे को लेकर किश्तवाड़ में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना शहीदी मजार के पास करीब दो घंटे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया।
धरना प्रदर्शन कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्यारे लाल शान के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया और कहा कि मौजूदा सरकार जनविरोधी फैसलों के जरिए जनता के अधिकारों को कमजोर कर रही है।
वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण तबके की रीढ़ है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण इस योजना को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने मजदूरों को समय पर भुगतान, पर्याप्त कार्य दिवस और योजना को सशक्त बनाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने “हमारी रियासत, हमारा हक़” अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर के अधिकारों की बहाली की मांग करते हुए कहा कि जनता अपने सांविधानिक हक से किसी भी सूरत में पीछे नहीं हटेगी। धरना शांतिपूर्ण रहा और अंत में चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।