कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर विधायक बलदेव राज शर्मा ने सांसद जुगल किशोर शर्मा के साथ उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण मांगों पर उपराज्यपाल से हस्तक्षेप कर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
विधायक ने मांग पत्र के माध्यम से सबसे पहले त्रिकुटा पर्वत परिक्रमा मार्ग के तहत देवीपिंडी से सरपाटीयां तक सड़क के 2.025 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए श्राइन बोर्ड की भूमि से संबंधित अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी करने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कोटली-मनोत्रियां से प्राणकोट तक प्रस्तावित 3.70 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए श्राइन बोर्ड की लगभग 12 मरला भूमि के उपयोग की अनुमति देने का मामला भी उठाया गया। इसी क्रम में बाणगंगा से आर्मी कैंप के समीप स्थित श्मशान घाट को जोड़ने वाली प्रस्तावित सड़क और बालनी पुल के निर्माण के लिए भी आवश्यक एनओसी जारी करने की मांग की गई। इसके साथ ही देवीगढ़ से त्रिकुटा पहाड़ियों के रास्ते श्री माता वैष्णो देवी भवन तक जाने वाले पारंपरिक यात्रा मार्ग को दोबारा खोलने का मुद्दा भी उपराज्यपाल के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। मुलाकात के दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दोनों जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना तथा सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।