कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी के पवित्र दरबार में शारदीय नवरात्र महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शुक्रवार को दिनभर मौसम साफ रहने के चलते मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिली। मौसम अनुकूल रहने से हेलिकॉप्टर सेवा, भवन से भैरव घाटी तक रोपवे, अर्धकुंवारी से भवन तक बैटरी कार सेवा सहित घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं दिनभर उपलब्ध रहीं। इसके चलते श्रद्धालुओं को अपनी सुविधानुसार यात्रा करने का अवसर मिला।
नवरात्र महोत्सव के अवसर पर धर्मनगरी कटड़ा को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। वहीं मां वैष्णो देवी के दरबार में भी की गई भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। देश के विभिन्न राज्यों से मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु मंदिर परिसर और धर्मनगरी में की गई सजावट को देखकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। श्रद्धालु अपने मोबाइल फोन में इन खूबसूरत नजारों को तस्वीरों और वीडियो के रूप में कैद कर रहे हैं। नवरात्रों के दौरान धर्मनगरी में धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात 10 बजे तक 41750 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवाने के बाद आरएफआईडी कार्ड लेकर मां वैष्णो देवी के भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं देशभर से श्रद्धालुओं के कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा। नवरात्र महोत्सव के चलते कटड़ा के मुख्य बाजार में भी काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है। मां के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु मुख्य बाजार में पहुंचकर प्रसाद, चुनरी और अन्य धार्मिक सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। इससे बाजारों में भी रौनक बनी हुई है।