कटड़ा। प्रीगाबालिन टैबलेट के बढ़ते दुरुपयोग और नशा तस्कर के खिलाफ रियासी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 10,900 टैबलेट बरामद किए हैं। अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा है। बरामद सभी टैबलेट 300 मिलीग्राम की हैं।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को कटड़ा के स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास नाका जांच के दौरान पुलिस टीम ने ओल्ड बस स्टैंड की ओर जा रहे एक व्यक्ति को बैग सहित रोका। तलाशी लेने पर उसके बैग से 410 स्ट्रिप बरामद हुईं। प्रत्येक स्ट्रिप में 10 टैबलेट थीं, जिससे कुल 4,100 प्रीगाबालिन टैबलेट बरामद की गईं।
पूछताछ में आरोपी की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी जिब ठाठी, उधमपुर के रूप में हुई। वह वर्तमान में कटड़ा में पर्यटक गाइड (पंडा) के रूप में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार वह इन टैबलेट के परिवहन संबंधी कोई वैध अनुमति या प्राधिकरण प्रस्तुत नहीं कर सका। यह जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन है। इस संबंध में पुलिस थाना कटड़ा में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इसी तरह के एक अन्य मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों सन्नी कुमार निवासी धनौरी और अमीत खान निवासी जांखा धनसाल के कब्जे से 6,800 प्रीगाबालिन टैबलेट बरामद की थीं। इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर, रियासी को आवश्यक पत्र भेज दिए गए हैं, ताकि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सके।