कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित श्री माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर शुक्रवार को सुबह से ही बादल छाए रहे और दिनभर रुक-रुक कर बारिश जारी रही। मौसम सुहावना रहने के बावजूद त्रिकूटा पर्वत की ऊंची चोटियों पर घना कोहरा और धुंध छाई रहने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। इससे पहले से ऑनलाइन टिकट बुक करा चुके कई श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। इनमें से अनेक श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा या घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी वैकल्पिक सुविधाओं का सहारा लेकर अपनी यात्रा जारी रखी।
बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिली। जय माता दी के जयकारों के साथ श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से उत्साहपूर्वक भवन की ओर बढ़ते रहे। पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे तथा पुलिस, सीआरपीएफ और श्राइन बोर्ड के कर्मचारी लगातार तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध कराई गईं। मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें। शुक्रवार शाम 5:00 बजे तक लगभग 11,000 श्रद्धालु आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर श्री माता वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। वहीं देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश की संभावना को देखते हुए श्रद्धालुओं को प्रशासन ने यात्रा के दौरान सतर्क रहने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।