कटड़ा। लगातार हो रही मूसलधार बारिश का असर बुधवार को भी धर्मनगरी में देखने को मिला। खराब मौसम और सुरक्षा के मद्देनजर श्री माता वैष्णो देवी यात्रा लगातार चौथे दिन भी स्थगित रही। त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण भवन मार्ग के हिमकोटी सहित कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यात्रा मार्गों को सुरक्षित बनाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
श्राइन बोर्ड, प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार यात्रा मार्गों पर निगरानी बनाए हुए हैं। भूस्खलन वाले स्थानों से मलबा हटाने के लिए मशीनों और कर्मचारियों की सहायता ली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, समय रहते अलर्ट जारी किए जाने और एहतियाती कदम उठाने के कारण अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
यात्रा स्थगित रहने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटड़ा से अपने घरों की ओर लौट चुके हैं, जबकि कई श्रद्धालु मौसम सामान्य होने और यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। लगातार बंद पड़ी यात्रा का असर स्थानीय व्यापार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। भवन मार्ग और कटड़ा के बाजारों में अधिकांश दुकानें बंद हो चुकी हैं। दुकानदारों ने तिरपाल लगाकर अपनी दुकानों को सुरक्षित किया हुआ है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि मौसम में सुधार और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे मौसम और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।